Wednesday, 6 December 2017

गणित

बेटियां
गणित किताबों से नही सीखती
ये तो उन्हें उम्र सिखा देती है
वो जानती है
जोड़ कर सपने अपने
किसी और की ख्वाहिशों से
बढ़ जाती है खुशियां ...

वो जानती है
अपने हिस्से की चॉक्लेट
भाई को देने से
बच जाएंगे
कोई दस-बीस रुपये
और माँ ला सकेगी
एक पहर की तरकारी ...

बेटियां अच्छे से जानती है
अपने सपनो को दबा
वो कम कर देंगी
एक कदम स्वर्ग की सीढ़ी का
और बाबा की चिंता
घट जाएगी बस कन्यादान से ....

बेटियां सारी उम्र
सीखती है गणित
अपनी चाहतों को घटाकर
सबकी खुशियों को बढ़ाने का
और अंत मे
फिर ये शिक्षा देदेती है
अपनी बेटियों को ....

बेटियां
रिश्तों का गणित
पीढ़ी दर पीढ़ी ,
सौंपती जाती है
गणित
और आप कहते है
बेटियां डरती रहती है
गुणा-भाग से ...

©ज्योति

No comments:

Post a Comment