Monday, 27 March 2017

जब बच्चे बड़े होने लगते है

जब बच्चे बड़े होने लगते है ,
माँ बाप असुरक्षित होने लगते ,
असुरक्षित होने लगता है ,
उनका भविष्य , उनके अधिकार ....

जब बच्चे बड़े होने लगते है ,
लुप्त हो जाते है संस्कार ,
लुप्त होने लगती है ,
बचपन में मिली सीख , नसीहत ..

जब बच्चे बड़े होने लगते है ,
बदल जाती है प्राथमिकताएं ,
खत्म हो जाते है ,
सारे आदर्श , सारी अपेक्षाएं ....

मै बड़ी हो रही हूँ ,
और देखती हूँ ,
असुरक्षा का भाव ,
हर माता-पिता की आँखों में ...

मै बड़ी हो रही हूँ ,
और बदलने नही दूंगी ,
अपनी प्राथमिकता ,
अपने संस्कार ,
ख़त्म नही होने दूंगी ,
अपने आदर्श....

©ज्योति

Sunday, 26 March 2017

रामबाण नुस्खा

एहसास तुम्हारे ,
जब घुटने लगे ,
आँखे जब तुम्हारी ,
छलकने को हो ,
कैद कर दो खुद को ,
भीड़ में कही ...

शब्द जब तुम्हारे ,
खामोश होने लगे ,
निगाहें तुम्हारी ,
करने लगे शोर ,
भर दो स्याही रंगीन,
इस बेरंग ज़िन्दगी में ....

दबने लगो जब ,
ख्वाहिशों के बोझ तले ,
सपने भरने लगे तुम्हारे ,
एक स्वतंत्र उड़ान ,
कर दो खुद को गुम ,
दुनिया की अपेक्षाओं में ...

वर्तमान युग की युवा नारी ,
ये रामबाण नुस्खा है तुम्हारे लिए ,
आधुनिक बन कर भी ,
खुद को परम्पराओं से जोड़ने का.....

क्या हुआ चौंक गयी ,
अरे सच है ये ,
मानो मेरी बात ,
हमारा समाज आधुनिक नही ,
बस करता है छलावा आधुनिक होने का ....

यही बेहतर भी है
तुम्हारे लिए ,
करो तुम भी आधुनिक होने का ढोंग ,
और बचाओ खुद को परम्पराओं की सड़ांध से ....

©ज्योति