Saturday, 1 July 2017

गर कराते कृष्ण महाभारत कलयुग में

चीर खींचता यू-ट्यूब पर ,
फ़ेसबुक लाइव होता युद्ध ,
जाते भीम जेल रक्तपान के जुर्म में ,
गर कराते कृष्ण महाभारत कलयुग में ....

बिछती माइन्स कुरुक्षेत्र में ,
बैठ हाथ मलते धृतराष्ट्र संसद में ,
हो जाती सर्जिकल स्ट्राइक चक्रव्यूह में ,
गर कराते कृष्ण महाभारत कलयुग में ....

जलाते मोमबत्ती भीष्म इंडियागेट पर ,
गलियों में निकालते जुलूस द्रोणाचार्य ,
कर्ण पर होता केस देशद्रोह के जुर्म में ,
गर कराते कृष्ण महाभारत कलयुग में ....

बढ़ जाती बिक्री कपास की ,
मिलता रोजगार कपड़ा फैक्ट्री में ,
जीत जाते यूँही पांडव चुनाव में ,
गर कराते कृष्ण महाभारत कलयुग में .....

बाकी सबका तो ठीक था ,
स्वयं कहाँ बच पाते सरकार से ,
पकड़े जाते जब आतंक के प्रचार में ,
गर कराते कृष्ण महाभारत कलयुग में ....

©ज्योति

No comments:

Post a Comment